देहरा, गुलशन धनोहा-: पुलिस जिला देहरा में सितंबर और अक्टूबर के दौरान सामने आए गुमशुदगी के मामलों को लेकर पुलिस प्रशासन ने चिंता जताई है। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने परिवार के बुजुर्गों और मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नोहशहरा निवासी 80 वर्षीय रंजना कुमारी घर से लापता हो गई थीं। वहीं, बगड़ियान गांव के 70 वर्षीय रमेश चंद शर्मा के चामुक्खा के समीप ब्यास नदी में डूबने की सूचना मिली थी। इसके अतिरिक्त, घियोरी गांव निवासी 40 वर्षीय शशि कपूर के देहरा के ढलियारा बाजार से लापता होने और हलेड़ निवासी 45 वर्षीय सुरेंद्र कुमार के संसारपुर टैरस से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र कुमार का पता लगा लिया गया है, जबकि रमेश चंद शर्मा का शव ब्यास नदी से बरामद किया जा चुका है। दूसरी ओर, रंजना कुमारी और शशि कपूर की तलाश अभी जारी है। उन्हें खोजने के लिए एसडीआरएफ की टीम और डॉग स्क्वॉड की सहायता ली जा रही है।
बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता जरूरी
एसपी संदीप धवल ने लोगों से आग्रह किया है कि यदि परिवार में कोई बुजुर्ग या व्यक्ति याददाश्त संबंधी समस्या से जूझ रहा है, तो उसकी निगरानी और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें। ऐसे व्यक्तियों को मोबाइल फोन या जीपीएस डिवाइस उपलब्ध करवाना भी उपयोगी हो सकता है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने परिजनों को अकेला छोड़ने से बचें और जरूरत पड़ने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। परिवार की सतर्कता और सामाजिक सहयोग से गुमशुदगी की घटनाओं में जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है।

