संजु चौधरी, शिमला: शिमला के उपनगर संजौली में सोमवार सुबह ही एक तेज रफ्तार गाड़ी से राहगीर को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। इस मामले के तहत सुबह करीब 7 बजे संजौली की ओर से आ रहे बजुर्ग व्यक्ति को ढली की तरफ से आ रही आल्टो टैक्सी चालक ने सामने से टक्कर मार दी जिस कारण व्यक्ति बीच सड़क पर गिर पड़ा।
वहीं जिस गाड़ी ने व्यक्ति को टक्कर मारी वो इस हादसे के बाद भी नहीं रुका ओर मौके से गाड़ी के साथ ही फ़रार हो गया। वहीं हादसे की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर जम कर वायरल हो रही है। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए एएसपी रमेश शर्मा ने कहा कि आज सुबह हिट एंड रन का मामला आया है। यह घटना संजौली बाजार में हुई है, जहां पर सुबह घूमने निकले स्थानीय निवासी केवल राम को एक आल्टो कार टक्कर मारकर फरार हो गई। उन्होंने कहा कि घायल व्यक्ति को उपचार के लिए आईजीएमसी भर्ती करवा दिया गया है। रमेश शर्मा ने कहा कि घायल केवल राम वाहन का नंबर नहीं पढ़ सके जिस कारण वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि वाहन चालक के खिलाफ संजौली थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही चालक को पकड़ लिया जाएगा।
