मनमिन्दर अरोड़ा/कुल्लू – भारत में साल 2014 से पहले देश में प्रति किसान की आय 214 हुआ करती थी और आज किसान की आय 57 रुपए पहुंच गई है। भारत की जीडीपी में 50% योगदान भारत के किसानों का रहता है और आज ही किसान हताश होकर घर में बैठे हुए हैं। कुल्लू में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता राजीव किमटा ने कहा कि मोदी सरकार ने देश के किसानों से वादा किया था कि साल 2022 में देश के किसान की आय को दोगुना किया जाएगा। लेकिन यहां पर आय दुगना होना तो दूर वह लगातार घटती जा रही है।
ऐसे में किसानों की आय दोगुनी करने का दावा हवा में साबित हो रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता राजीव किमटा ने कहा कि देश के किसानों, बागवान व्यापारियों व आमजन की समस्या को लेकर ही कन्याकुमारी से आज से भारत जोड़ो यात्रा शुरू हो गई है और इस यात्रा को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के द्वारा कन्याकुमारी से रवाना कर दिया गया है। भारत जोड़ो यात्रा 150 दिनों तक आयोजित की जाएगी और इसमें कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के अलावा आम जनता भी भाग लेगी।
यह यात्रा फरवरी में कश्मीर में संपन्न की जाएगी और केंद्र सरकार के द्वारा जो आम जनता के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उसके बारे में भी जागरूकता लाई जाएगी। वही प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजीव ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी जयराम सरकार रिवाज बदलने की बात कह रहे हैं। लेकिन यह बात अब उन्हें भी पता चल गई है कि यह उनकी अंतिम पारी है और प्रदेश की जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है।
