राकेश, ऊना: ग्राम पंचायत लठियाणी में 70 लाख रुपए की लागत से निर्मित एंगलिंग हट ओर ग्राम पंचायत मंदली के बीहड़ू में 30 लाख रूपए की लागत से निर्मित मत्स्य आवतरण केंद्र के लोकार्पण मंगलवार को ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, पशुपालन ओर मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा की प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में गत पौने पांच वर्षों के दौरान 1525 मछुआरों को मत्स्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत 1.60 करोड़ रुपए के वित्तीय लाभ प्रदान किए गए है। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि मछुआरा आवास योजना के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के 58 मछुआरों को आवास निर्माण के लिए 74.54 लाख की अनुदान राशि प्रदान की गई है। इसके साथ साथ मछुआरों की सुरक्षा के लिए किश्ती निर्माण, गिल जाल ओर अन्य सुरक्षा उपकरण प्रदान करने के लिए 36 मछुआरों को 17.60 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है। इसी योजना के तहत अनुसूचित जाति के 22 मछुआरों को 26.40 लाख रुपए की अनुदान राशि दी गई है। इसके अतिरिक्त गिल जाल खरीदने के लिए 303 मछुआरों को 9.15 लाख रुपए अनुदान के रूप में आवंटित किए गए है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में कोविड-19 से प्रभावित 320 मछुआरों को 6.30 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है। मत्स्य आखेट के बंद सीजन के दौरान गत 5 वर्षों में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के 783 मछुआरों को 21.86 लाख रुपए की सहायता राशि दी गई है। वर्ष 2020-21 में 8 मछुआरों को मोटरसाइकिल आइस बॉक्स सहित खरीदने के लिए 3.15 लाख रुपए की अनुदान राशि प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि गोविंद सागर झील में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए एक करोड चार लाख रुपए की लागत से उत्तम किस्म का एक करोड़ मत्स्य बीज डाला जा रहा है।
