सोलन : योगेश शर्मा-हिमाचल प्रदेश में डॉक्टरों का एनपीए बंद को लेकर डॉक्टर नाराज दिखाई दे रहे हैं और उन्होंने सोमवार से हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। हड़ताल की बात के बाद अब सरकार हरकत में आ गई है। सरकार ने डॉक्टरों को बातचीत के लिए शनिवार को बुलाया,जिसके बाद स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने चिकित्सकों से हड़ताल पर न जाने की अपील की है।
वहीं डॉक्टरों के एनपीए बंद करने के मामले को लेकर शनिवार को सोलन पहुंचे सीपीएस संजय अवस्थी ने कहा कि यह मामला सरकार के विचाराधीन है और जल्द इस पर बैठकर बात की जाएगी। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के साथ एक बैठक स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने भी आज की है,और उनके द्वारा डॉक्टरों को इस मामले को हल करने का आश्वासन दिया गया है। बता दें कि डॉक्टरों को बेसिक सैलरी का 20 फीसदी एनपीए दिया जाता है, इसका मकसद डॉक्टरों को चिकित्सीय सेवाओं के लिए प्रोत्साहित करना है। यह भारत सरकार की सिफारिश पर सभी राज्यों में दिया जाता है, लेकिन सुक्खू सरकार ने वित्तीय हालत को देखते हुए इसे बंद करने का निर्णय लिया है।
वहीं डॉक्टरों ने इस मामले को लेकर कहा कि सरकार ने डॉक्टरों को बिना विश्वास में लिए यह निर्णय लिया है। बहरहाल सरकार इस मामले को लेकर किस तरह से आगामी कदम उठाती है यह देखने लायक होगा।
