राकेश,ऊना: प्रदेश में विधानसभा चुनावों का समय नजदीक है। ऐसे में हर एक पार्टी इन विधानसभा चुनावों में अपनी जीत को सुनिश्चित करने के लिए चुनावी मैदान में उतर चुकी है। राजनीतिक दल कोई भी कसर चुनावों को लेकर नहीं छोड़ना चाहते है। यही वजह भी है कि हर एक मोर्चे पर चुनावी प्रचार प्रसार किया जा रहा है और हर एक मोर्चे को चुनावी मैदान में उतार दिया गया है। वहीं बीजेपी की ओर से महिला मोर्चा के साथ ही अब बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा भी चुनावी मैदान में उतार दिया गया है। इसकी शुरुआत आज ऊना से की गई है।
ऊना सदर में आज बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा का स्वाभिमान सम्मेलन करवाया गया। इस सम्मेलन में हिमाचल अनुसूचित जाति मोर्चा आयोग के अध्यक्ष और शिमला लोकसभा सीट से पूर्व बीजेपी सांसद वीरेंद्र कश्यप मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे,जबकि वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सत्ती भी इस दौरान उनके साथ उपस्थित रहे । इस सम्मेलन में बीजेपी वक्ताओं ने केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों और जनहित के कार्यों को जनता के समक्ष रखा।
इस दौरान वीरेंद्र कश्यप ने मीडिया से बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी की केंद्र और राज्य सरकार की ओर से अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किए जाने का दावा किया । उन्होंने प्रदेश में इस वर्ग की लगभग 25 फ़ीसदी आबादी का जिक्र करते हुए इस वर्ग के पार्टी के साथ निरंतर खड़े होने की बात कही। वीरेंद्र कश्यप ने अनुसूचित जाति वर्ग के साथ से हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के मिशन रिपीट का दावा किया ।
वीरेंद्र कश्यप ने इस दैरान कांग्रेस की ओर से मीडिया सर्वों को नजरअंदाज कर बीजेपी के दहाई के आकंड़े तक सीमित रहने के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे कांग्रेस की हताशा और निराशा बताया । कश्यप ने प्रदेश और राज्य की जनकल्याणकारी नीतियों के आधार पर अच्छी संख्या में सीट जीतकर बीजेपी क़ई ओर से मिशन रिपीट किए जाने का भी दावा किया ।
