कुल्लू (मनमिन्द्र अरोड़ा): देश की सबसे ऊंचाई (10500 फुट) पर स्थित जवाहर नवोदय स्कूल के छात्रों ने समदो बॉर्डर के समीप तिरंगा यात्रा निकाल कर सरहद में बसे लोगों को देशभक्ति का संदेश दिया। राष्ट्रव्यापी हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत स्कूल के छात्रों ने शिक्षकों के साथ करीब दो किमी चल कर तिरंगा यात्रा निकाली।
चीन अधिकृत तिब्बत से सटे समदो बॉर्डर से महज 10 किमी दूर लरी गांव पहुंच के बच्चों के साथ शिक्षकों ने हाथ मे तिरंगा लिए देशभक्ति गीतों से पूरे माहौल में जोश भर दिया। बता दें कि शनिवार सुबह 10 बजे स्कूल परिसर से इस तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ। जो लरी गांव जाकर समाप्त हुई। इस तिरंगा यात्रा में स्कूल के करीब 100 छात्रों ने भाग लिया।
स्कूल के प्रधानाचार्य संजय राही ने बताया कि आजादी के 75वें वर्षगांठ पर पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में केंद्र सरकार की राष्ट्रव्यापी हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत बॉर्डर के समीप 2 किमी तक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा को लेकर छात्रों में देश प्रेम के प्रति खूब जोश देखने को मिला। उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा में बच्चों के साथ स्कूल स्टाफ ने भी अपनी भूमिका निभाई।
