बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – जिला बिलासपुर को स्क्रब टायफस ने जकड़ लिया है। इसके लिए लोगों को भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। बरसात के मौसम के अलावा हर साल ही इस तरह के मामले सामने आते हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
बिलासपुर जिला में सदर ब्लाक में सबसे ज्यादा स्क्रब टायफस के मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्क्रब टायफस का उपचार प्राथमिक स्वाथ्स्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर भी लोगों को मुहैया करवाया जा रहा है। बता दें कि क्षेत्रीय अस्पताल में गत दो दिनों से भी स्क्रब टायफस का उपचार करवाने के लिए मरीज पहुंचे हैं। वहीं, इससे पहले भी कई लोगों को उपचार मुहैया करवाया गया है। अभी तक जिला में 90 मामले आए हैं। सदर ब्लाक के तहत कुल 59 स्क्रब टायफस के मामले हैं। इसमें बिलासपुर शहर के ही पांच मरीज पाए गए हैं। वहीं, इसके अलावा झंडूता ब्लाक में 14 मामले, घुमारवीं में छह मामले सामने आए हैं। स्वारघाट क्षेत्र में इस बीमारी से पीडि़त मरीज पाए गए हैं।
बताया जा रहा है कि जनवरी, फरवरी, मार्च माह में स्क्रब टायफस के मरीजों की संख्या में ईजाफा हुआ था। वहीं, अप्रैल, मई, जून में मरीजों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। समय पर यदि इस बीमारी का उपचार यदि पीडि़त मरीज नहीं करवाता है तो यह जानलेवा भी साबित हो सकती है। जिसके चलते यदि स्क्रब टायफस बीमारी के लक्ष्ण किसी व्यक्ति में दिखते हैं, तो वह तुरंत इसका समय पर उपचार करवाए।
