कुल्लू (मनमिंदर): लाहौल-स्पीति में पिछले दिनों हुई बारिश से घाटी की ऊंची चोटियों पर भी बर्फ गिरने का सिलसिला जारी हो गया है। मनाली लेह सड़क मार्ग के तांगलांग ला दर्रे समेत अन्य ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई। मनाली-लेह मार्ग पर तांगलांग ला में बर्फबारी से पर्यटक खुशी से झूम उठे। इस दौरान पर्यटकों ने बर्फ के फाहो के बीच खूब मस्ती की।

लेह से वापस मनाली आ रहे टैक्सी चालकों व पर्यटकों ने इस दर्रे पर गिरी बर्फबारी को अपने कैमरों में कैद किया। साथ ही दर्रे पर रुक कर पर पहाड़ी पर गिरी बर्फ को निहारने का भी मजा लिया। हालांकि बर्फबारी होने से यहां वाहनों की आवाजाही पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा और मनाली लेह सड़क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही लगातार सुचारू है। लेकिन अगर आने वाले दिनों में मौसम खराब होता है और बर्फबारी अधिक होती है तो मनाली लेह बस सेवा एक बार फिर से आगामी गर्मियों के लिए बंद कर दी जाएगी।

मनाली आ रहे चालक संजू बाबा, हरीश कुमार ने बताया कि जब वे तांग लांग ला दर्रे पहुंचे तो उन्होंने देखा कि पूरा दर्रा सफेद चादर से ढक गया है। ऐसे में आने वाले समय में मनाली लेह सड़क मार्ग भी बर्फबारी के कारण जल्दी बंद भी हो सकता है। दर्रे पर गिरी बर्फ देखकर सेलानी भी काफी खुश हुए और उन्होंने बर्फबारी के इस हसीन पल को अपने कैमरे में भी कैद किया।

