नालागढ़ (जगत सिंह): प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के तहत पंजेहरा से लेकर बघेरी तक सड़क मार्ग की हालत खस्ता बनी हुई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और धूल मिट्टी उड़ रही है, जिससे लोग बीमारियों की भी चपेट में आने शुरू हो चुके हैं। सड़क की खस्ता हालत को लेकर स्थानीय लोगों में खासा रोष देखा जा रहा है। एक युवक ने पंजेहरा रोड पर एकत्रित होकर पीडब्ल्यूडी मंत्री के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है।
जगपाल सिंह राणा नामक युवक ने पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर को कहा कि वह अंधे हो चुके हैं और उन्हें नालागढ़ क्षेत्र की सड़कें दिखाई नहीं देती। उन्होंने पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर को चोर तक का दर्जा दे दिया और उसने सीएम जयराम ठाकुर से गुहार लगाते हुए कहा है कि पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर को कुंभकरनीय नींद से जगा कर उसे पद से हटाए ताकि लोगों के सड़कों से जुड़े मुद्दों को हल किया जा सके। साथ ही जगपाल सिंह राणा ने सरकार व प्रशासन को चेतावनी देकर कहा है कि अगर जल्द ही सड़क की दशा नहीं सुधारी गई तो वह आने वाले दिनों में क्षेत्र के लोगों के साथ मिलकर इस सड़क पर धरना-प्रदर्शन करने को भी मजबूर होंगे। जिसकी जिम्मेवारी स्थानीय प्रशासन सरकार की होगी।
जगपाल सिंह राणा ने सीएम जयराम ठाकुर को भी चेतावनी देकर कहा कि अगर वह क्षेत्र की सड़कों की दशा नहीं सुधरेंगे तो क्षेत्र की जनता उनके संबंधित प्रत्याशी को वोट नहीं डालेंगी। और पूरे प्रदेश में उन्हें जनता की समस्याओं का हल ना करने को लेकर इसका खामियाजा आगामी विधानसभा चुनावों में भुगतना पड़ेगा।
