बिलासपुर (सुभाष ठाकुर): बिलासपुर में 20 खेलों का एक इंडोर स्टेडियम बनाया जाएगा। बिलासपुर के लुहणू मैदान में पुराने इंडोर स्टेडियम के अलावा एक और नए और बड़े इंडोर स्टेडियम का ऐलान केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने किया है। बिलासपुर दौरे पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि बिलासपुर का इंडोर स्टेडियम काफी पुराना हो गया है। उन्होंने यह भी घोषणा की है कि जल्द ही यहां पर खेलों इंडिया का सेंटर खोला जाएगा। जिसके लिए तैयारियां शुरू हो गई है और जल्द ही यह सेंटर ओपन हो जाएगा। इसी के साथ मंत्री अनुराग ठाकुर ने यह भी कहा कि बिलासपुर में एडवेंचर व वाॅटर स्पोर्टस की आपार संभावनाएं है। जिसको लेकर यहां पर कुछ प्लानिंग तैयार की जा रही है। यहां पर वाॅटर स्पोर्टस के लिए अलग से व्यवस्था होगी, तो वहीं, एडवेंचर स्पोर्टस के लिए भी नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।
बता दें कि बिलासपुर शहर के नगर परिषद प्रांगण में आजादी के अमत महोत्सव के कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर पहुंचे हुए थे। उन्होंने इस अवसर पर जनता को संबोधित करते हुए कहा कि अभी तो देश आजादी के 75 साल मना रहा है। मोदी सरकार में 100 साल के जश्न पर देश की अर्थव्यवस्था से लेकर पूरा देश विश्व के मानचित्र में सबसे अलग नजर आएगा। 25 सालों के भीतर देश का स्वरूप मोदी सरकार पूरी तरह से चेंज करेगी। वहीं, उन्होंने यहा भी कहा है कि हिमाचल के बिलासपुर जिला में केंद्र के चार बड़े प्रोजेक्ट चल रहे है।
बिलासपुर एम्स, बंदला में हाइडो इंजीनियरिंग काॅलेज, रेलवे व फोरलेन यह सभी कार्य मोदी सरकार द्वारा ही संभव हो पाया है। इस अवसर पर मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने लोगों से कोरोना वैक्सीन को लेकर भी जानकारी प्राप्त की और पूछा कि मोदी सरकार द्वारा दी गई कोविड की निःशुल्क वैक्सीन किन्ह किन्ह लोगों द्वारा लगाई गई। दूसरी ओर अनुराग ठाकुर ने स्टेज से सदर के विधायक सुभाष ठाकुर की भी काफी तारीफ की कहा कि सुभाष ठाकुर के कार्यकाल में बिलासपुर सदर में विकास के नए आयाम स्थापित हुए है। इस मौके पर झंडूता विधायक जेआर कटवाल, सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता व जिला प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
