हिमाचल में चुनावी वर्ष में कांग्रेस भाजपा के कुनबे में सेंधमारी करने में जुट गई है। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष खिमी राम के बाद अब भाजपा के पूर्व विधायक स्वर्गीय राकेश वर्मा की धर्मपत्नी इंदु वर्मा ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। शुक्रवार को दिल्ली कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला के समक्ष इंदु वर्मा ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। राजीव शुक्ला ने उन्हें कांग्रेस का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया। इस मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा अनिरुद्ध सिंह भी मौजूद रहे।
पार्टी में शामिल होने पर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने उनका स्वागत किया और पार्टी में पूरा मान सम्मान देने का आश्वासन भी दिया। राजीव शुक्ला ने कहा कि भाजपा में भगदड़ मची है । भाजपा के जो हालात हैं उससे जाहिर है कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है भाजपा वहां से बुरी तरह से हार रही है । जनता ने उपचुनाव के नतीजे देखे थे उसके बाद लगातार माहौल भाजपा के विरुद्ध बनता जा रहा है । भाजपा के नेता कांग्रेस में शामिल हो रहे है। कई नेता जो विधानसभा में 3 बार विधायक रहे राकेश वर्मा की धर्मपत्नी इंदु आज कांग्रेस में शामिल हुई है। इनका पूरा शिमला जिला में काफी प्रभाव है और उनके आने से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी.
वही इंदू वर्मा के पार्टी में शामिल होने पर ठियोग विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस नेताओ को बड़ा झटका लगा है कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ठियोग विधानसभा क्षेत्र से इस बार चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे थे लेकिन अब इंदु वर्मा के पार्टी में शामिल होने से उनके उम्मीदों पर भी पानी फिर गया है सूत्रों की माने तो इंदु वर्मा को कांग्रेस ठियोग विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी में है।
