Dharamshala, 30 April ( TSN)-धर्मशाला में आयोजित होने वाले आईपीएल मैचों के लिए सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है। कांगड़ा की एसएसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि स्टेडियम और आसपास के इलाकों में करीब 900 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। साथ ही, ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए वनवे व्यवस्था लागू की जाएगी।
धर्मशाला में तीन मैच आयोजित होंगे और ट्रैफिक की दिशा को ध्यान में रखते हुए शहर को आठ सेक्टरों में बांटा गया है। मटौर से चेतडू की ओर आने वाली ट्रैफिक को एकतरफा किया जाएगा, जबकि वापसी में शिल्ला रोड से चेतडू तक वनवे रहेगा। टैक्सी चालकों को केवल कचहरी चौक तक ड्रॉप की अनुमति होगी और सुबह 9 या 11 बजे से वनवे नियम लागू किया जाएगा।
क्रिकेट स्टेडियम में 4 लेयर में रहेगा पुलिस का पहरा
एसएसपी ने बताया कि 4 मई को NEET परीक्षा भी है, लिहाजा छात्रों को किसी भी तरह की ट्रैफिक रुकावट का सामना नहीं करना पड़ेगा। PG कॉलेज धर्मशाला और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में पार्किंग नहीं होगी, लेकिन वाहन ड्रॉप के बाद बाहर पार्क किए जा सकेंगे।
शहर 8 ट्रैफिक सेक्टरों में बांटा जाएगा
मैचों के दौरान करीब 25 से 30 हजार दर्शकों की आवाजाही की संभावना है, इसलिए सड़क किनारे वाहन खड़े करने पर रोक रहेगी और उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी। पार्किंग के लिए पुलिस मैदान, सचिवालय, दाड़ी मेला मैदान, जोरावर मैदान, चिलगाड़ी रोड और डीआईजी कार्यालय चिन्हित किए गए हैं। दर्शकों की सुविधा के लिए शटल बसें भी चलाई जाएंगी।
मुंबई की टीम धर्मकोट में रुकेगी, जिसके चलते वहां एक नया सेक्टर बनाया गया है। स्टेडियम में चार स्तरों पर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी, और जांच के बाद ही दर्शकों को प्रवेश मिलेगा। केवल मोबाइल फोन की अनुमति होगी, जबकि ज्वलनशील वस्तुएं, खाद्य सामग्री, आपत्तिजनक नारे या झंडे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।टीमों की मूवमेंट के समय ट्रैफिक को कुछ देर के लिए रोका जाएगा। सर्विलांस और होटलों की जांच की जा रही है।
