बिलासपुर (सुभाष ठाकुर): राजनीतिक जमीन खिसकती देख पूर्व विधायक बौखलाहट में बयानबाजी कर रहे हैं। बिलासपुर की जनता के विकास कार्यों की घोषणाओं को चुनावी घोषणा बता रहे हैं। एम्स पर भी बयानबाजी कर रहे हैं कि आधे अधूरे एम्स का उद्घाटन किया जा रहा हैं। ये बात बिलासपुर नगर परिषद पार्षद केश पठानिया ने पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि एम्स का कार्य जोरों पर है और पूर्ण रूप से जनता की सेवा के लिए तैयार एम्स का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
पठानिया ने कहा कि बिलासपुर में एम्स निर्माण की सीधी मॉनिटरिंग प्रधानमंत्री कार्यालय और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा द्वारा लगातार की जा रही है। उन्होंने इसके लिए बजट की कमी आड़े नहीं आने दी है। कांग्रेस ने चुनाव से पहले पशुशालाओं में स्कूल खोलकर मजाक बना कर रख दिया था। 30 वर्ष तक रेलवे लाइन निर्माण के सपने दिखाकर जनता की भावनाओं को आहत कर वोट बटोरे थे। सदर में कांग्रेस के राज में नशा माफिया, खनन माफिया, गुंडागर्दी, भय का वातावरण, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना, कर्मचारियों, अधिकारियों से गैर कानूनी तरीके से काम करवाने का दबाव, गोली कांड, फोरलेन में निर्माण कंपनी का काम छोड़ कर भाग जाना, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज का नगरोटा बगवां स्थानांतरण होना शामिल है।
उन्होंने कहा कि एक लंबी राजनीतिक यात्रा एवं अनुभवों के कारण विधायक सुभाष ठाकुर ने बड़ी मेहनत से सदर विधानसभा हलके का विकास खाका तैयार करके कार्ययोजनाओं पर प्रशासनिक अमले को समयबद्ध परिणाम देने के लिए प्रेरित किया। भाजपा की डबल इंजन की केंद्र राज्य सरकारों के आपसी तालमेल के कारण समय से पूर्व एम्स का निर्माण पूरा कर रिकार्ड स्थापित किया है। इस मौके पर कुलवंत सिंह चंदेल व अंशुल शर्मा भी उपस्थित रहे।
