मंडी (परी शर्मा): एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने लड़भडोल पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। पुलिस अधिक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने एनडीपीएस के एक मामले को त्वरित सुलझाने के लिए पुलिसकर्मियों की पीठ थपथपाई। इस मौके पर पुलिस थाना प्रभारी जोगिंदर नगर प्रीतम जरियाल उनके साथ विशेष तौर पर मौजूद रहे। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि अभी हाल ही में लड़भडोल पुलिस ने एक अच्छा केस एनडीपीएस का किया है। इसके साथ ही कुछ अन्य केस जो चोरी से संबंधित है उनके लिए योजनाएं बनाएंगे ताकि उनके ऊपर कार्य किया जा सके तथा चोरी करने वालों को पकड़ा जा सके।
उन्होंने कहा कि उन्होंने आज यहां पर अनौपचारिक निरीक्षण किया है। जो भी कमियां उन्हें यहां लगेगी वे पुलिस थाना प्रभारी के साथ इस विषय में बात करेंगी। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने को कहा। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग अपनी एनर्जी और समय को अच्छे और सकारात्मक कार्य में लगाएं। खेलकूद में आगे आए और खेलकूद तथा अन्य सकारात्मक कार्य में बढ़-चढ़कर भाग ले। उन्होंने कहा कि आजकल देखा जा रहा है कि युवा वर्ग क्रिकेट की ओर भाग रहा है तो ऐसा नहीं करें अच्छे कार्य और खेलों में अपनी उर्जा को लगाएं। उन्होंने कहा कि जो भी लोग नशे का धंधा करते हैं । किसी को भी यह सूचना मिलती है तो वे उनके नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। सूचना देने वाले की जानकारी गुप्त रखी जाएगी।
