बिलासपुर/सुभाष-:राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय दो दिवसीय सीर उत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को ‘रन फॉर जेंडर इक्वालिटी’ मैराथन के साथ हुआ। सीरखड्ड पुल से बाड़ी मझेड़वां तक आयोजित इस मैराथन में घुमारवीं शहर और आसपास की पंचायतों से बच्चों, युवाओं, महिलाओं तथा बुजुर्गों समेत करीब 1200 से अधिक लोग पहुंचे। इनमें लगभग 700 प्रतिभागियों ने विभिन्न आयु वर्गों में दौड़ में हिस्सा लिया।
मैराथन के माध्यम से लैंगिक समानता के साथ स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस, स्वच्छ पर्यावरण और जल संरक्षण का संदेश दिया गया। सुबह करीब 5:30 बजे से ही सीरखड्ड पुल के समीप प्रतिभागियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ दौड़ में हिस्सा लिया।आयोजकों की ओर से अंडर-14 और 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए तीन किलोमीटर, जबकि अन्य आयु वर्गों के लिए छह किलोमीटर की दौड़ निर्धारित की गई थी।
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने भी 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रतिभागी के तौर पर मैराथन में हिस्सा लिया और दौड़ पूरी कर अन्य प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि जरूरी है। रोजाना कुछ समय रनिंग, पैदल चलने, योग या हल्की कसरत के लिए निकालकर स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है।उन्होंने कहा कि सीर उत्सव केवल आस्था और परंपरा से जुड़ा आयोजन नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से समाज में लैंगिक समानता, स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण संदेश भी दिए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से सीरखड्ड को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने तथा जलस्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मैराथन के समापन अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री ने विभिन्न आयु वर्गों के विजेताओं को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
ये रहे विजेता
अंडर-14 छात्रा वर्ग में तमन्ना ने प्रथम, नव्या ने द्वितीय और ममता ने तृतीय स्थान हासिल किया। अंडर-19 छात्रा वर्ग में हरिदिमा ठाकुर प्रथम, सुदीक्षा सिंह द्वितीय और नेहा तृतीय रहीं। अंडर-19 छात्र वर्ग में अनमोल कुमार प्रथम, रेहान द्वितीय और राहुल तृतीय रहे।20 वर्ष से अधिक आयु महिला वर्ग में अंशुल प्रथम, पायल रानी द्वितीय और वंशिका तृतीय रहीं। इसी आयु वर्ग के पुरुष वर्ग में अंकित प्रथम, अंकित द्वितीय और मनोज तृतीय रहे।40 वर्ष से अधिक आयु पुरुष वर्ग में मदन सिंह प्रथम, नरेश द्वितीय और सुनील कुमार तृतीय रहे। महिला वर्ग में स्नेहलता ने पहला, रक्षा ने दूसरा और सरोज ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में गोपाल प्रथम, जगदीश चंद्र द्वितीय तथा राजकुमार और रमेश चंद्र संयुक्त रूप से तृतीय रहे। 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में पुष्पा विजेता रहीं।इस अवसर पर उपमंडलीय अधिकारी घुमारवीं अभिषेक बरवाल, थाना प्रभारी घुमारवीं मस्तराम, तहसीलदार घुमारवीं बबीता, एपीएमसी अध्यक्ष सतपाल वर्धन, राजीव शर्मा सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।

