चंबा,मंजूर पठान-: विकास खंड तीसा की सभी 53 पंचायतों में 2 अक्टूबर को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं में पंचायत स्तर पर विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।खंड विकास अधिकारी तीसा गोपाल ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष ग्राम सभाओं में मुख्य रूप से तीन महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इनमें वीबी-जी राम जी योजना के तहत पांच वर्षीय सेल्फ को अनुमोदित करना, 16वें वित्त आयोग से संबंधित कार्यों को शामिल करना तथा ड्रग फ्री हिमाचल अभियान के तहत लोगों को जागरूक करना शामिल है।
गोपाल ठाकुर ने बताया कि ग्राम सभाओं के माध्यम से स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। वीबी-जी राम जी योजना के पांच वर्षीय सेल्फ के अनुमोदन के बाद पंचायतों में प्रस्तावित विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।इसके अलावा 16वें वित्त आयोग के तहत पंचायतों में किए जाने वाले विकास कार्यों पर भी चर्चा की जाएगी। वहीं, ड्रग फ्री हिमाचल अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।खंड विकास अधिकारी गोपाल ठाकुर ने ग्रामीणों से विशेष ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने और पंचायतों के विकास से जुड़े विषयों पर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

