Dharamshala, Rahul-:सेंट्रल यूनिवर्सिटी के देहरा में बन रहे नए कैंपस के लिए अलग से पेयजल योजना पर काम शुरू हो गया है। साढ़े तेरह करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस योजना को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।जल शक्ति विभाग ने बताया कि यदि इससे पहले कैंपस में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होती हैं, तो अस्थायी तौर पर किसी अन्य पेयजल योजना से पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
जल शक्ति विभाग को इस परियोजना के लिए अब तक दस करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हो चुकी है और निर्माण कार्य प्रगति पर है। विभाग के अनुसार, यह योजना देहरा स्थित सीयू कैंपस की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है।
12 लाख लीटर प्रतिदिन होगी पानी की आपूर्ति
सीयू प्रशासन की ओर से देहरा कैंपस के लिए प्रतिदिन 12 लाख लीटर पानी की मांग रखी गई थी। इसी के अनुरूप योजना का डिज़ाइन तैयार किया गया है। इसके तहत ब्यास नदी से पानी उठाकर आधुनिक जल शोधन संयंत्र में ट्रीट किया जाएगा। इसके अलावा कैंपस परिसर में चार अलग-अलग स्थानों पर स्टोरेज टैंक भी बनाए जाएंगे।जल शक्ति विभाग के अनुसार, देहरा कैंपस के लिए ब्यास नदी से पानी की योजना को स्वीकृति मिल चुकी है और टेंडर भी अवार्ड कर दिया गया है। जुलाई या अगस्त माह में यदि कक्षाएं शुरू होती हैं, तो तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
