Shimla, 23 January-:प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज सचिवालय से शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सांगटी-सन्होग में 1.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले पंचायत सामुदायिक केंद्र (पंचायत भवन) का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने पंचायत क्षेत्र के लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान पंचायतों का पुनर्गठन किया गया था, जिसके तहत शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 8 नई पंचायतों का गठन किया गया। इनमें से 7 पंचायतों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए पंचायत भवनों के निर्माण के लिए बजट स्वीकृत कर दिया गया है। कुछ भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि कुछ का लोकार्पण भी किया जा चुका है। केवल एक पंचायत का मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण लंबित है।उन्होंने पंचायत प्रधान राहुल कश्यप, उपप्रधान मनोज शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और डीएफओ वाइल्डलाइफ शिमला की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से मात्र छह महीनों के भीतर फॉरेस्ट क्लीयरेंस सहित सभी औपचारिकताएं पूर्ण की गईं।मंत्री ने पंचायत सामुदायिक केंद्र के लिए भूमि दान करने वाले विक्रम ठाकुर, रूप सिंह ठाकुर एवं चमन ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भूमिदान एक साहसिक एवं प्रेरणादायक कार्य है। समाज और मानवता की सेवा के लिए सभी को आगे आना चाहिए, ताकि गांवों और पंचायत क्षेत्रों का विकास निर्बाध रूप से हो सके।
मंत्री ने बताया कि भारी बारिश और बर्फबारी के कारण वह कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच सके, जिसके चलते शिलान्यास वर्चुअल रूप से करना पड़ा। उन्होंने खेद व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि सांगटी-सन्होग पंचायत सहित नेरी और चायली पंचायत क्षेत्रों में बिजली, पेयजल, सड़क तथा अन्य विकास से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सर्दियों के बाद वह स्वयं क्षेत्र का दौरा कर अधिकारियों के साथ मिलकर जनसमस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे।इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य लता वर्मा, पंचायत समिति सदस्य निधि ठाकुर, पीसीसी महासचिव जितेंद्र ठाकुर, पंचायत प्रधान राहुल कश्यप, उपप्रधान मनोज शर्मा, ग्राम पंचायत नेरी के प्रधान हेमंत शर्मा, पूर्व प्रधान देवेंद्र ठाकुर, चायली पंचायत के उपप्रधान मोहन सिंह वर्मा, सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संघ के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, युवक एवं महिला मंडल के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
