शिमला :संजु चौधरी (TSN)-पहाड़ी प्रदेश हिमाचल में बारिश बर्फबारी का इंतजार इस बार काफी लंबा हो गया है। पिछले साल की तरह इस बार भी अभी तक पहाड़ों पर बर्फबारी नहीं हुई है। प्रदेश में मौसम विभाग के अनुसार आगामी 25 जनवरी तक बारिश व बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। हालांकि प्रदेश के कई इलाकों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं पंजाब के साथ लगते जिले धुंध की चपेट में हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला का कहना ये
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश में 25 जनवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के कुछ स्थानों पर तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है तो वहीं कुछ एक जगह पर न्यूनतम तापमान काफी कम है।लाहौल स्पीति के कुकमसेरी में माइनस 8.8 तापमान दर्ज किया है। प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा है।उन्होंने बताया कि 2004 के बाद इस तरह के सूखे जैसे हालात बने हैं। ग्लोबल पेटर्न की वजह से इस तरह के हालत बने हैं। प्रदेश के पंजाब के साथ लगते जिलों में धुंध का अलर्ट है जिससे विजिबिलिटी में काफी कमी दर्ज की गई है।
