सोलन : योगेश शर्मा – समाज सेवा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने और जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग सोलन द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में अव्वल रहने वाले क्लबों को हर साल सम्मानित किया जाता है। इन प्रतियोगिताओं में जिला भर के कई युवक मंडल भाग लेते हैं। इसी कड़ी में सालभर आयोजित करवाई गई प्रतियोगिता में शहीद रोशनलाल क्लब पपलोल सोलन प्रथम स्थान हासिल कर जिला का बेस्ट क्लब बना है। जिसे आज एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने सम्मानित किया है।
श्रेष्ठ कार्य करने वाले युवक मंडलों को दिया जाता है सम्मान
जिला युवा सेवा एवम खेल विभाग सोलन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र शर्मा द्वारा क्लब को 51000 रुपए नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया । जिला युवा सेवा एवम खेल अधिकारी सविंदर कायथ ने कहा कि यह पुरस्कार जिले में सबसे श्रेष्ठ कार्य करने वाले युवा मंडलों को दिया जाता है, ताकि और लोग भी प्रोत्साहित हो सके।
ये बोले क्लब के निदेशक
वहीं शहीद रोशन क्लब पपलोल के निदेशक अरुण ठाकुर ने क्लब के सदस्यों को जीत का श्रेय देते हुए कहा कि यह सदस्यों की मेहनत का नतीजा ही है कि इतनी बड़ी प्रतियोगिताओं में शहीद रोशन क्लब पपलोल जीत हासिल करता आ रहा है । उन्होंने क्लब की ग्रामीण इकाई के प्रधान हरनाम व शहरी इकाई के प्रधान अमन शर्मा के प्रयासों की भी तारीफ की साथ ही युवा सेवा एवम खेल विभाग सोलन का आभार प्रकट किया।
दो बार पहले भी जिला का बेस्ट क्लब चुना गया है
बता दें कि शहीद रोशन क्लब पपलोल इससे पूर्व भी दो बार जिला सोलन में बेस्ट क्लब का खिताब जीत चुका है व 4 बार कंडाघाट खंड का आदर्श क्लब चुना गया है । इसके साथ साथ स्वच्छता के क्षेत्र में कार्य करने के लिए भी क्लब को विभिन्न बार खिताब दिया जा चुका है। क्लब की इस जीत से पूरे कंडाघाट खंड में खुशी की लहर है।
