Shimla,Sanju- हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा आयोजित 12वीं हाफ मैराथन में रविवार को शिमला के लोगों ने भारी बारिश को नज़रअंदाज़ करते हुए नशे के खिलाफ अपना ज़ज्बा दिखाया।”ड्रग फ्री हिमाचल” अभियान के तहत आयोजित इस दौड़ में युवाओं से लेकर बुज़ुर्गों और दिव्यांगों तक ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान से सुबह 8 बजे मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और प्रतिभागियों को नशामुक्त हिमाचल का संकल्प दिलवाया।राज्यपाल ने कहा, “प्रकृति अपना काम कर रही है, लेकिन हिमाचलवासी पुलिस के साथ मिलकर प्रदेश को नशामुक्त करने की दिशा में मजबूती से कदम बढ़ा रहे हैं। बारिश के बावजूद जो उत्साह दिखा, वह यह दर्शाता है कि हिमाचल नशे के खिलाफ एकजुट है।”
मैराथन में कुल 3,000 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था। हालांकि बारिश के कारण कुछ संख्या कम रही, लेकिन जोश में कोई कमी नहीं दिखी। इस आयोजन में विभिन्न वर्गों के लोगों ने सहभागिता निभाई—बुज़ुर्ग, महिलाएं, दिव्यांग और बच्चे सभी ने नशे के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
मैराथन में तीन श्रेणियों में दौड़ आयोजित की गई:
हाफ मैराथन (21.5 किमी): प्रथम विजेता को ₹51,000 का नकद पुरस्कार मिला।
मिनी मैराथन (10 किमी)
ड्रीम रन (3 किमी): दिव्यांग व वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस अवसर पर पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए राज्यपाल ने उम्मीद जताई कि यह प्रयास हिमाचल को जल्द ही नशामुक्त बनाने में कारगर सिद्ध होगा।
