संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सड़कों पर घंटों का ट्रैफिक जाम लगना आम बात हैं। इस ट्रैफिक जाम की समस्या से ना केवल यहां के स्थानीय लोग परेशान है बल्कि यहां घूमने आने वाले पर्यटक भी यहां आने पर यहां के ट्रैफिक जाम की समस्या से परेशान हो जाते हैं। शिमला की संकरी सड़कों पर ट्रैफिक प्रबंधन करना सबसे बड़ी चुनौतीपूर्ण कार्यों में से एक हैं। खासकर गर्मियों के मौसम में टूरिस्ट सीजन आते ही ट्रैफिक जाम की समस्या शिमला में विकराल हो जाती हैं, लेकिन अब आपको शिमला की सड़कों पर 1 मिनट से ज्यादा ट्रैफिक जाम से नहीं जूझना पड़ेगा।
जी हां शिमला की सड़कों पर एक मिनट से ज्यादा आपका वाहन ट्रैफिक में नहीं फंसेगा और यह बात हम यूं ही नहीं कह रहे हैं इसके लिए शिमला पुलिस ने अपना पूरा प्लान तैयार कर लिया हैं। शिमला पुलिस ने अपने इस प्लान को वन मिनट ट्रैफिक प्लान का नाम दिया हैं। शिमला पुलिस ने ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए शहर को 7 सेक्टर्स में बांटा हैं। साथ ही 24 सब सेक्टर्स बनाए गए है ताकि शहर में ट्रैफिक ज्यादा न लगे।
शिमला के एसपी संजीव गांधी ने कहा कि आम जनता को ट्रैफिक की समस्या से निजात दिलवाने के लिए वन मिनट ट्रैफिक प्लान की शुरुआत की गई हैं। प्लान के तहत गाड़ियों को 40:20, 30:30 और 20:40 सेकंड के अनुपात में रोका और छोड़ा जाएगा। यह प्लान कहीं ना कहीं शहरों के रेड लाइट प्लान की तरह हैं। मीडियम फ्लो में ट्रैफिक को 40:20 के फार्मूले के तहत 40 सेकंड के लिए गाड़ियां रुकेंगी और फिर 20 सेकंड के लिए छोड़ी जाएंगी। ट्रैफिक सामान्य होने पर 30-30 सेकंड की मूवमेंट रहेगी। इसी तरह ज्यादा गाड़ियों का फ्लो होने पर 20 सेकंड का हॉल्ट रहेगा और 40 सेकंड के लिए फिर ट्रैफिक चालू होगा। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए शहर को 7 सेक्टर्स में बांटा गया हैं। साथ ही 24 सब सेक्टर्स बनाए गए है ताकि शहर में ट्रैफिक ज्यादा न लगे।
उन्होंने कहा कि यात्रियों का समय बचाने के लिए यह पहल शुरू हुई है और पहले से व्यवस्था थोड़ी सुधरी हैं। एसपी का कहना है कि लक्कड़ बाजार से विक्ट्री टनल पर ट्रैफिक की समस्या पर ज्यादा फोकस हैं।पूरे सोच-विचार के साथ प्लान बनाया गया हैं। प्लान का मुख्य उद्देश्य है कि लोगों का समय बचे। लोग समय के साथ गंतव्य तक पहुंचे, यही कोशिश की जा रही हैं। इस प्लान की वजह से शिमला में वाहनों की वजह से होने वाला पॉल्यूशन भी कम होगा।
खुद सड़कों पर उतर रहे एसपी
शिमला में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए एसपी संजीव गांधी खुद कई बार सड़कों पर उतर रहे है और ‘वन मिनट ट्रैफिक प्लान’ का जायजा लिया जा रहा है। इस दौरान बस चालकों, यात्रियों और वाहन चालकों से एसपी खुद से बात कर रहे हैं। कितने समय का ट्रैफिक सड़कों पर लग रहा है इसकी जानकारी खुद एसपी बस चालकों ओर कार चालकों, आम लोगों से ले रहे हैं। एसपी इस दौरान लोगों को और चालकों को शिमला पुलिस की ओर से शुरू किए गए 1 मिनट में ट्रैफिक प्लान के बारे में भी जानकारी दे रहे हैं।
