बीबीएन : जगत सिंह – नालागढ़ के तहत चेक में हेरा फेरी कर लाखों रूपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए ब्यान में नीरू बाला पत्नी जीके मैहता निवासी ने बताया कि मैहता कालोनी के समीप नीरू ट्रेडिग कंपनी के नाम से दुकान है, जिसे इसका बेटा चलाता था, लेकिन उसकी मृत्यु होने के बाद पति जीके मैहता दुकान पर स्पेयर पार्ट का काम देखते है और दुकान का माल पिछले 20 साल से अंबाला की एक फर्म जसपाल सिंह से खरीदते थे। मैहता ने बताया कि माल की पेमेंट के लिए जसपाल सिंह को 12,092 व 16,645 रूपए के चेक दिए थे, जिस पर धोखाधड़ी से 12,092 के चेक को 2,12,092 रूपए व 16,645 रूपये के चेक को 1,16,645 रूपये कर दिया। लेकिन बैंक में चेक लगाने पर बैंक की ओर से पता लगा कि करीब तीन लाख रूपये के चेक लगाए गए है जिसे तुरंत बैंक से आग्रह कर रोका गया। अब थाना नालागढ़ के तहत अंबाला की फर्म के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है ।
डीएसपी बद्दी प्रियंक गुप्ता ने बताया कि दुकान मालिक से कुल 3 लाख रूपये के करीब धोखाधड़ी हुई है। उऩ्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर थाना नालागढ़ के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की तफ्तीश अमल में लाई जा रही है।
