मंडी,धर्मवीर(TSN)-छोटी काशी मंडी में 27 फरवरी से 5 मार्च तक आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का आगाज करने के लिए मंडी जनपद के अराध्य बड़ा देव कमरूनाग कांढी से मंडी से लिए रवाना हो गए हैं।आज देवता की छड़ी को विधिवत पूजा अर्चना करने के बाद उनके भंडार से बाहर निकाला गया और उसके बाद देवता दल-बल के साथ मंडी के लिए रवाना हुए।
छोटी काशी के लिए रवाना हुआ देव कमरूनाग. 25 को पहुंचेंगे मंडी
बता दें कि 9 दिनों की पैदल यात्रा के बाद देव कमरूनाग 25 फरवरी को शाम 3 बजे मंडी पहुंचेंगे।यहां डीसी मंडी अपूर्व देवगन उनका स्वागत करेंगे।9 दिनों की इस यात्रा के दौरान देव कमरूनाग रास्ते में अपने भक्तों के घरों पर रूककर उन्हें आशीवार्द देंगे।देवता के कारदार काहन सिंह ने बताया कि देव कमरूनाग मंडी के लिए रवाना हो गए हैं। रास्ते में बहुत से भक्तों ने देवता को अपने घर पर आमंत्रित किया है, जहां देवता मेहमानबाजी करते हुए मंडी आएंगे।
देव कमरूनाग के आगमन से ही होता है शिवरात्रि महोत्सव का आगाज
बता दें कि मंडी जनपद के अराध्य बड़ा देव कमरूनाग वर्ष में सिर्फ एक बार मंडी आते हैं।इनके मंडी पहुंचने के बाद ही शिवरात्रि महोत्सव का आगाज होता है।8 दिनों तक देव कमरूनाग टारना माता मंदिर में विराजमान रहते हैं जहां भक्त लंबी कतारों में खड़े होकर दर्शन करके आशीवार्द लेते हैं।
