बिलासपुर,सुभाष ठाकुर(TSN)-बंदला-ब्रह्मपुखर रूट पर चलने वाली एक बस अचानक हादसे का शिकार होते-होते बच गई। सोमवार शाम के समय रूट पर जा रही बस की प्रेशर पाइप फट गई,जिससे बस सड़क पर लुढ़क गई। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और बस में सवार 50 यात्री सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,बस जैसे ही एक मोड़ पर पहुंची, अचानक प्रेशर पाइप फटने से वाहन असंतुलित हो गया।लेकिन चालक ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत बस को नियंत्रित किया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
इस सड़क पर पहले भी हो चुके हैं बड़े हादसे
स्थानीय लोगों के अनुसार,यह सड़क पहले भी कई हादसों का गवाह रही है।कुछ साल पहले इसी मार्ग पर हुए एक बड़े सड़क हादसे में 30 लोगों की जान जा चुकी है।
यात्रियों को हुई परेशानी,भेजी गई दूसरी बस
हादसे के कारण बस की आवाजाही बाधित हो गई,जिससे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कई घंटे इंतजार करना पड़ा।इस बारे में बस अड्डा प्रशासन से बात करने पर अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए तुरंत दूसरी बस भेजी गई, साथ ही मौके पर मैकेनिक भी भेजे गए हैं ताकि बस को ठीक किया जा सके।यात्रियों ने चालक की सूझबूझ और साहस की सराहना की,जिसकी बदौलत बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि इस मार्ग की मरम्मत कराई जाए और यात्रियों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाए जाएं।
