अनिल कुमार, किन्नौर: प्रदेश में विधानसभा चुनावों से पहले उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हो रही है। कांग्रेस पार्टी भी उम्मीदवारों के नामों को लेकर पैनल तैयार कर रही है। वहीं इससे पहले ही कांग्रेस पार्टी में नेता टिकट की दावेदारी को लेकर आपस में उलझना शुरू हो गए है। टिकट की दावेदारी को लेकर किन्नौर कांग्रेस में बगावत शुरू हो गई है। इसी का नतीजा है कि जिला किन्नौर के विधायक जगत सिंह व प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी के कांग्रेस संगठन के अंदर आपसी खींचातानी जारी है विधायक जगत सिंह नेगी ने युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी पर हमला बोला है।
विधायक ने जहां पहले कई मंचों के माध्यम से प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी को कई बार भाजपा की बी टीम कहकर जमकर लताड़ा है तो वहीं अब उन्होंने कहा है कि इस विधानसभा चुनावों में टिकट किसको देना है यह कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी का काम है जिसमें वह स्वयं सदस्य है। कमेटी ने वर्तमान विधायक, प्रदेश के पूर्व अध्यक्षों के टिकट में सिंगल नाम भेजनें पर हामी भरी है लेकिन प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी अपना नाम अलग पैनल में भेजनें की बात कर जनता को गुमराह कर रहे है,जबकि कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी ने उनका नाम पैनल में नहीं भेजा है। निगम भंडारी सोशल मीडिया और मीडिया मे झुठी खबरें देकर स्वयं को प्रमोट कर रहे है, जिसका किन्नौर कांग्रेस खंडन करती है। उन्होंने कहा कि इस तरह की झूठी अफवाह फैलाने व जनता को भ्रमित करने पर जल्द ही प्रदेश व केंद्र के आलाकमान को इस बात से अवगत करवाया जाएगा।
विधायक ने कहा कि इन दिनों प्रदेश युंका अध्यक्ष कुछ सोशल मीडिया व मीडिया के लोगों को मैनेज़ कर अपने टिकट की दावेदारी को लेकर झुठी खबरों का प्रचार करवा रहे है, जबकि कुछ मीडिया, सोशल मीडिया संस्थानों ने तो इन खबरों में टिकट की दावेदारी छापने और वायरल करने पर मुझसे माफ़ी मांगी है। इससे साबित होता कि युंका अध्यक्ष निगम भंडारी संगठन के नियमों को तोड़कर प्रदेश व किन्नौर कांग्रेस संगठन को कमजोर करने का प्रयास कर रहे है।
जगत सिंह नेगी ने निगम भंडारी पर तंज कसते हुए कहा है कि भंडारी आज के समय में अपने गांव में वार्ड मेंबर क़ा चुनाव तक नहीं जीत सकते । उन्होंने कहा कि निगम भंडारी ने पंचायती राज चुनावों में भी कांग्रेस के प्रतियाशी को हराने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी।
