बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी में कल 29 जुलाई से श्रावण अष्टमी मेला शुरू हो रहा है। मेले में शामिल होने और मंदिर में दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर श्री नैना देवी के चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस हर एक गतिविधि पर अपनी नज़र रखेगी जिससे मेले के संचालन ने किसी तरह की कोई परेशानी ना आए।
मेले के लिए गुरुवार को ही पुलिस और होमगार्ड केे जवानों की ड्यूटी लगा दी गई है। मेला अधिकारी एएसपी बिलासपुर अमित शर्मा नेे मंदिर के भव्य स्टेडियम में पुलिस ड्यूटी की ब्रीफिंग की। उन्होंने बताया की श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं महिला पुलिस बल भी तैनात की गई है। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए इस बार काफी व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं।
असामाजिक तत्व, जेब कतरों पर नकेल कसने के लिए सादा लिबास में पुलिसकर्मी तैनात किए गए है । अगर मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती है तो श्रद्धालुओं को छोटे-छोटे ग्रुपों में मंदिर भेजा जाएगा और यात्रियों की भीड़ को नियंत्रण करने के लिए 4-5-6 सेक्टर से यात्रियों को छोटे-छोटे जत्थों में मंदिर भेजा जाएगा ताकि सुव्यवस्था बनी रहे और श्रद्धालुओं को आराम से माता के दर्शन हो सके।
मेले के दौरान टेंपो,ट्रक, ट्रैक्टर,सामान ढोने वाली गाड़ियां हिमाचल सीमा में प्रवेश नहीं करेगी उन्हें टोबा के पास ही रोक दिया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वह पुलिस कर्मियों के द्वारा बताए गए निर्देशों के अनुसार ही चलें अपनी यात्रा करें और पुलिस उनकी सहायता हेतु हमेशा तत्पर है।
