सोलन : योगेश शर्मा- प्रदेशभर की टैक्सियों में लगे जीपीएस सिस्टम को हटाने के लिए सोलन के टैक्सी चालकों ने सरकार से मांग की है कि या तो जीपीएस लगाने को लेकर ओपन मार्केट में टेंडर किया जाए या फिर इस जीपीएस को ही लगाना बन्द किया जाए। या फिर जब कोई टैक्सी चालक गाड़ी लेता है तो उसी समय 12 साल के लिए टैक्सियों में ये जीपीएस ट्रैकर लगाया जाए ताकि हर साल इसे रिचार्ज करने की झंझट न हो।
सोलन टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के प्रधान कमल कुमार का कहना है कि प्रदेश के 90,000 टैक्सी ऑपरेटर हैं। टैक्सी ऑपरेटर सरकार से मांग कर रहे हैं कि जीपीएस सिस्टम को हटाकर उन्हें राहत प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों में जीपीएस सिस्टम जहां सात से आठ हजार रुपये में लग रहा है। वहीं उन्हें 15,000 रुपये देने पड़ रहे हैं। इसका सालाना रिचार्ज भी 4,500 रुपये है। उन्होंने कहा कि जीपीएस सिस्टम लगाने वाली कई कंपनियां प्रदेश से भाग चुकी हैं। केवल एक कंपनी सिस्टम लगा रही है और उसके दाम काफी ज्यादा है। मंदी के दौर में जीपीएस को रिचार्ज करवाना भी टैक्सी ऑपरेटरों के लिए मुश्किल है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि जीपीएस हटाकर टैक्सी ऑपरेटरों की मांग को पूरा किया जाए।
