बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: बिलासपुर की एसआईयू की टीम ने एक व्यक्ति से 860 ग्राम चरस बरामद की है। एसआईयू टीम के प्रभारी नरेंद्र कौंडल की अगुवाई में घागस के पास वाहन चेकिंग के लिए नाका लगाया हुआ था। उसी दौरान कुल्लू की ओर से एक आल्टो कार आई, जिसे चेकिंग के लिए रोका गया।
चालक पुलिस की टीम को देखकर घबरा गया और आनन-फानन में गाड़ी को इधर-उधर करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे वहीं पर पकड़ लिया। जब गाड़ी की चेकिंग की गई तो गाड़ी में से एक लिफाफा पुलिस की टीम को बरामद हुआ। जिसे खोलने पर उसमें चरस पाई गई। जब उसका वजन किया गया तो 860 ग्राम पाया गया। गाड़ी में बैठे एक पुरुष व महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
