विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के विश्व विख्यात शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में दर्शनों के लिए अब आपको पर्ची काउंटर पर लंबी लाइन में खड़े नहीं होना पड़ेगा। जल्द ही मां चिंतपूर्णी के दर्शनों के लिए ऑनलाइन पर्ची श्रद्धालुओं को उपलब्ध होगी।
चिंतपूर्णी में दर्शन पर्ची सिस्टम में यह बड़ा बदलाव किया जा रहा है। इस बदलाव से चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन करने वाले लाखों श्रद्धालुओं का फायदा होगा।श्रद्धालुओं को दर्शन पर्ची लेने के लिए दर्शन पर्ची काउंटरों पर नहीं जाना पड़ेगा। श्रद्धालु अपने मोबाइल से ही माता के मंदिर में दर्शन करने के लिए अपनी दर्शन पर्ची प्राप्त करेंगे जिस से चिंतपूर्णी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के समय की बचत के साथ-साथ बहुत सुविधा मिलेगी।
वर्तमान समय में चिंतपूर्णी मंदिर में तीन जगह पर दर्शन पर्ची दी जा रही है। नया बस स्टैंड चिंतपूर्णी, दूसरा बाबा माई दास सदन,तीसरा शंभू बैरियर के पास दर्शन पर्ची दी जा रही है जहां पर श्रद्धालुओं को स्वयं जाकर अपनी दर्शन पर्ची लेनी होती है,हालांकि 26 सितंबर से शुरू हो रहे असुज नवरात्रि में तो यही व्यवस्था लागू रहेगी। एडीसी ऊना डॉ. अमित कुमार ने बताया कि दर्शन पर्ची सिस्टम में बदलाव के लिए आदेश जारी कर दिए गए है। अब इस बात पर चर्चा हो रही है कि मंदिर न्यास की ओर से चलाई जा रही वेबसाइट के माध्यम से ही यह दर्शन पर्ची दी जाएगी या फिर एक नया मोबाइल ऐप बनाकर उसमें ओटीपी की सुविधा के माध्यम से दर्शन पर्ची दी जाएगी इस पर जल्द फैसला किया जाएगा।
