मंडी:धर्मवीर (TSN)- पिछले तीन महीने से पड़े सूखे जैसे हालातो के बाद बीती 1 फरवरी को प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर जमकर बर्फबारी हुई। इसी दौरान शादियों के शुभ मुहूर्त भी थे। अधिकतर शादी समारोहों में बारिश और बर्फबारी के कारण काफी ज्यादा खलल पड़ा,लेकिन कुछ शादियां ऐसी भी रही जिन्होंने इस बारिश और बर्फबारी का जमकर आनंद उठाया। सोशल मीडिया पर मंडी जिला के दो वीडियो वायरल हो रहे हैं,जिसमें दूल्हा-दुल्हन, रिश्तेदार व बाराती बर्फबारी के बीच खूब झूमते हुए नजर आ रहे हैं।
पहला वीडियो करसोग के साथ लगते शंकरदेहरा गांव का है जिसमें बर्फ के फाहों के बीच दूल्हा-दुल्हन और बाराती जमकर डांस कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार शंकदेहरा गांव के पुष्प राज की शादी सोमाकोठी गांव की मानवी ठाकुर के साथ हुई। 31 जनवरी को दुल्हन को ब्याह कर ले आए। 1 फरवरी को दूल्हे के घर पर रस्मों को निभाना था लेकिन सुबह से ही मौसम खराब था और बारिश के साथ बर्फबारी का दौर भी शुरू हो गया। ऐसे में फिर इस बर्फबारी के बीच ही सारी रस्मों को निभाया गया। शादी का मौका था और बैंड-बाजा-बारात भी थे तो ऐसे में बर्फबारी के बीच सभी का झूमने का मन कर गया और सभी ने शादी और बर्फबारी की खुशियों को जमकर मनाया।
बर्फबारी के बीच….तेरे बाराती आए सरला…पहाड़ी गाने पर झूमे लोगः
वहीं सोशल मीडिया पर बर्फबारी के बीच तेरे बाराती आए सरला पहाड़ी गाने पर बैंड बाजों के साथ झूमते हुए रिश्तेदारों व ग्रामीणों का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो मंडी जिला के निहरी तहसील का है। इस वीडियो में भी रिश्तेदार व ग्रामीण आसमान से गिरते फांहों के बीच में पहाड़ी गानों पर डांस कर रहे हैं। अक्सर देखा जाता है कि बर्फबारी में लोग घरों में दुबक जाते हैं लेकिन मंडी जिला के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी के बीच हुई इन शादियों में लोगों ने अपने जश्न को फीका नहीं होने दिया। खुशी के इस मौके पर लोग बर्फबारी के बीच खूब झूमते हुए नजर आए।
