राज्य के विभिन्न हिस्सों से हजारों लोग शिमला पहुंचे, जिन्होंने “राजा साहब” के नाम से लोकप्रिय वीरभद्र सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पूरा रिज मैदान इस दौरान “वीरभद्र सिंह अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल के लोग इस पल का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। उन्होंने इसे बेहद भावनात्मक और ऐतिहासिक क्षण बताया। प्रतिभा सिंह ने कहा, “स्वर्गीय वीरभद्र सिंह केवल एक नेता नहीं, बल्कि जनता के दिलों से जुड़े हुए व्यक्तित्व थे। उनके बिना हिमाचल की कल्पना अधूरी है।”उन्होंने बताया कि शीर्ष नेतृत्व के व्यस्त कार्यक्रमों और खराब मौसम के चलते प्रतिमा के अनावरण में कुछ देरी हुई थी, लेकिन जैसे ही अवसर मिला, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने स्वयं शिमला पहुंचकर प्रतिमा का अनावरण किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वीरभद्र सिंह का हिमाचल के विकास में योगदान अमिट है। उन्होंने हर वर्ग, हर क्षेत्र और हर व्यक्ति से गहरा जुड़ाव बनाए रखा।कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधायक और वीरभद्र सिंह के समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार को भी याद किया गया। नेताओं ने कहा कि यदि आधुनिक हिमाचल की नींव डॉ. परमार ने रखी, तो उसे आकार देने में वीरभद्र सिंह की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही।यह पल हिमाचल की जनता के लिए गर्व और भावनाओं से भरा हुआ है। वीरभद्र सिंह जी ने जिस समर्पण से राज्य की सेवा की, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
