हमीरपुर, अरविन्द :-उपमंडल सुजानपुर की रंगड़ पंचायत में जंगली जीव कक्कड़ (भूरे हिरन) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में इसे गोली मारकर हत्या करने की आशंका जताई गई है। इस घटना को लेकर वन विभाग ने दो लोगों के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को दिन में स्थानीय लोगों ने जंगल से गोली चलने की आवाज सुनी। आवाज सुनकर पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने स्तर पर जांच की, तो अवैध शिकार की आशंका गहराने लगी। इसके बाद सूचना वन विभाग को दी गई।वन खंड अधिकारी और फॉरेस्ट गार्ड मौके पर पहुंचे तो कक्कड़ का शव एक परिवार के आंगन में मृत अवस्था में मिला। मृतक जीव के शरीर पर गहरे घाव पाए गए। जब विभागीय अधिकारियों ने संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि कक्कड़ को कुत्ते ने दौड़ा रखा था।हालांकि विभाग को मामले पर संदेह होने पर पुलिस को सूचित किया गया और दोनों व्यक्तियों के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस ने उन्हें थाना सुजानपुर में तलब कर लिया है और पूछताछ जारी है।
वन विभाग ने मृत कक्कड़ के शव को अपनी कस्टडी में लिया है। इसका पोस्टमार्टम सोमवार को करवाया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों की पुष्टि हो सकेगी। विभाग का कहना है कि यदि पोस्टमार्टम में गोली लगने से मौत की पुष्टि होती है, तो वाइल्डलाइफ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।बता दे कि वन विभाग की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कक्कड़ की हत्या लाइसेंसी गन से किए जाने की आशंका है.
