मंडी : धर्मवीर – एसपी मंडी सौम्या सांबशिवन ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए आंशिक रूप से घायल हुए मशीन आपरेटर को अपने हाथ से मलहम लगाया। बता दें कि आज शाम के समय 6 मील के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण एक मशीन इसकी चपेट में आ गई थी।
मशीन आपरेटर और अन्य लोगों ने समय रहते मौके से भागकर अपनी जान बचाई थी, लेकिन मशीन आपरेटर की बाजू पर हल्की सी चोट आ गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी मंडी सौम्या सांबशिवन भी घटनास्थल पर पहुंची और मशीन आपरेटर का हाल जाना। जैसे ही उन्हें पता चला कि उसे हल्की चोट लगी है तो उन्होंने अपनी गाड़ी से फर्स्ट एड कीट निकाली और चोट वाली जगह पर खुद मलहम लगाया। इसके तुरंत बाद उन्होंने मशीन आपरेटर को हास्पिटल भिजवाया। हालांकि मशीन आपरेटर पूरी तरह से सुरक्षित है, लेकिन जिस तरह से सौम्या सांबशिवन ने मानवता की मिसाल पेश की, वो उन लोगों के लिए सबक है जो घायल दिखने पर सबसे पहले उसका वीडियो बनाना शुरू करते हैं। लोगों को चाहिए कि सबसे पहले घायलों की मदद की जाए।
