राकेश,ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना ज़िले में एक तेज रफ़्तार ट्रक ने सड़क किनारे बनी दुकानों को नुक़सान पहुंचाया है। यह हादसा ऊना के औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल के बाथड़ी में पेश आया है। जानकारी के अनुसार ट्रक काफी बड़ा था और निर्धारित सीमा से काफी ज्यादा सामान लेकर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक चालक ट्रक की रफ्तार पर से नियंत्रण खो बैठा और बेकाबू होकर ट्रक सड़क किनारे बनी दुकानों को तोड़ता हुआ कुछ दूर आगे जाकर रुक गया ।
इस हादसे में लगभग आधा दर्जन दुकानों का नुकसान हुआ और दुकानों में रखा लाखों का सामान इस हादसे के कारण चकनाचूर हो गया । दुकानदारों की मानें तो इसके कारण उनका लाखों का नुकसान हुआ है । गनीमत ये रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार का जानी नुकसान होने से बच गया । फिलहाल घटना के कारण को लेकर जांच शुरू कर दी गई है और ट्रक चालक को भी पूछताछ के लिए तलब किया गया है । संभावना है कि जांच के बाद ट्रक चालक को हिरासत में लिया जा सकता है ।
