ऊना (राकेश): खेल व्यक्ति में शारीरिक ओर बौद्धिक विकास के अलावा अनुशासन की भावना भी जागृत करती है इसलिए खेलों को हार जीत से निश्चित होकर खेल की भावना से खेला जाए। यह बात ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, पशुपालन और मत्स्य विभाग मंत्री वीरेंद्र कंवर ने राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धमांदरी में 14 वर्ष से कम आयु वर्ग की छात्राओं की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कही।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि वर्तमान में शिक्षा के साथ-साथ खेलों का महत्व बढ़ा है ओर खेलों के माध्यम से भी बच्चे अपना बेहतरीन भविष्य बना रहे है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताएं में भारत का वर्चस्व बढ़ा है। हाल में संपन्न हुए कॉमनवेल्थ खेलों में 22 गोल्ड मेडल के साथ-साथ कुल 61 मेडल हासिल किए है। इसी प्रकार से ओलंपिक्स खेलों में भी भारत के प्रदर्शन में सुधार आया है।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है। राज्य सरकार ने सरकारी नौकरी में 3 अनुपात आरक्षण का प्रावधान किया है इसके अलावा खिलाड़ियों को दी जाने वाली डाइट मनी को 60 रुपए से बढ़ाकर 120 रुपए किया है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए बसाल, टक्का ओर धमांदरी 90 लाख रुपए की लागत से प्रत्येक खेल स्टेडियम बनाया जा रहाहै,जबकि राजकीय महाविद्यालय बंगाना परिसर में साढ़े 4 करोड़ रुपए की लागत से एक आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक भव्य खेल स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने स्थानीय वासियों की मांग पर राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धमांदरी में साइंस ब्लॉक भवन बनाने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्थानीय विद्यालय के बच्चों की ओर से प्रस्तुत किए गए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए अपनी एक निधि से 11000 हज़ार देने की घोषणा की। इस जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में ऊना जिला के 35 विद्यालयों से करीब 450 छात्राओं ने भाग लिया।
