एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह निर्णय फील्ड स्टाफ की कमी को पूरा करने और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है। वर्तमान में टी-मेट के 4,009 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 3,049 रिक्त पड़े हैं, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। इस स्थिति को सुधारने के लिए सरकार ने 1,000 टी-मेट पदों को भरने के साथ-साथ वृत्त स्तर पर 1,602 बिजली उपभोक्ता मित्रों की नियुक्ति करने का निर्णय लिया है।बिजली उपभोक्ता मित्रों की भर्ती एक अधिकृत सरकारी एजेंसी द्वारा की जाएगी। पात्रता के लिए उम्मीदवार का दसवीं पास होना और किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से इलेक्ट्रिकल/वायरमैन ट्रेड में आईटीआई प्रमाणपत्र होना आवश्यक है। आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है।
प्रवक्ता ने कहा कि फील्ड कर्मचारी एचपीएसईबीएल की रीढ़ हैं, जो उपभोक्ताओं को निरंतर बिजली आपूर्ति और आपदाओं के समय त्वरित बहाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यबल को मजबूत करने से उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलेंगी और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।मुख्यमंत्री ने बताया कि मौजूदा कार्यकाल में अब तक 23,191 युवाओं को सरकारी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में सरकार रोजगार के साथ-साथ स्व-रोजगार के अवसर भी सृजित करेगी।
