मंडी :धर्मवीर-आईआईटी मंडी के डायरेक्टर लक्ष्मीधर बेहरा का अजीबोगरीब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें डायरेक्टर हिमाचल में आई त्रासदी को मनुष्य के मांस खाने से जोड़ते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि वीडियो कब का है इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। लेकिन सोशल मीडिया पर इस वीडियो व इस तरह की पोस्ट खूब वायरल की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में आईआईटी मंडी के डायरेक्टर लक्ष्मीधर बेहरा बच्चों को संबोधित करते हुए मांस न खाने की नसीहत देते हुए भी नजर आ रहे हैं। डायरेक्टर के अनुसार यदि मनुष्य को अच्छा इंसान बनना है तो उसे मांस नहीं खाना चाहिए। इस वीडियो में डायरेक्टर बच्चों को मांस न खाने की शपथ भी दिला रहे हैं। वहीं वीडियो में डायरेक्टर मासूम जानवरों का शिकार करना भी प्रकृति से खिलवाड़ करना कहते हुए नजर आ रहे है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो के बारे में आईआईटी मंडी के मीडिया सेल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि किस कार्यक्रम के दौरान यह बयान दिया गया है इस बारे में भी कोई जानकारी नहीं है। मांस न खाने को लेकर जो बात कही गई है वह डायरेक्टर के अपने निजी विचार हो सकते हैं।
