नालागढ़ : जगत सिंह – नालागढ़ ब्लाक कांग्रेस की बैठक में आगामी लोक सभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक में नालागढ़ ब्लाक कांग्रेस इकाई का गठन कर कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई। लोकसभा चुनाव को लेकर बैठक में कार्यकताओं में जोश भरा गया। नालागढ़ के एक निजी होटल में ब्लाक अध्यक्ष हुसन चंद ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की जबकि कांग्रेस उम्मीदवार व प्रदेश कांग्रेस महासचिव बावा हरदीप सिंह विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने कहा कि पहली बार प्रदेश में संगठन से जुड़े व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनने का सौभाग्य मिला है। सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एन.एस.यू.आई. से लेकर युवा कांग्रेस व प्रदेश कांग्रेस तक विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां संभाली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि नालागढ़ से लोक सभा चुनाव में कांग्रेस को बढत दिलाओं तभी हरदीप बावा को शिमला से नई अहम जिम्मेदारी देकर भेजा जाएगा। नालागढ़ में मुख्यमंत्री का पूरा आर्शिवाद है और कांग्रेस प्रत्याशी हरदीप बावा नालागढ़ के विकास के लिए जो कहेंगे, उनके अनुसार ही विकास कार्य किए जाएंगे। कार्यकर्ता अभी से चुनाव के लिए जुट जाएंगे।
भाजपा सरकार द्वारा रोके गए कार्यो के लिए सीएम सुक्खू से जारी करवाया बजट
कांग्रेस प्रदेश महासचिव हरदीप बाबा ने कहा कि प्रदेश मेें कांग्रेस सरकार के बनते ही रामशहर कालेज भवन, ढांग स्कूल में परीक्षा हाल के लिए बजट प्रावधान का कार्य शुरू करवा दिया गया है। इसके अलावा रामशहर तहसील और पंजैहरा उप-तहसील के लिये बजट जारी करवाकर टेंडर लगवा दिया गया है। इन सभी कार्यो के लिए भाजपा सरकार ने पांच साल मेें बजट जारी नहीं किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता मैदान मेें उतर जाएं। उन्होंने विधायक अपने आप को कांग्रेस सरकार में एसोसिएट सदस्य बता रहे है, जबकि उनके कार्यकर्ता सभी भाजपा की विचारधारा से जुड़े हुए है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव मेें कांग्रेस को नालागढ़ से लीड दिलाने की जिम्मेवारी जितनी उनकी बनती है,उतनी ही एसोसिएट मेंबर की जो वर्तमान में कांग्रेस सरकार से लाभ ले रहे है। उन्होंने आजाद विकास मंच पर तंज कसते हुए कहा कि विधायक को विकास मंच बनाने की क्या जरूरत है। विधायक अपने आप में एक बहुत बड़ा मंच है। उन्होंने कहा कि ब्लाक कांग्रेस में हर पंचायत के लोगों को जोडक़र उन्हें जिम्मेदारियां दी गई है। जिन लोगों को इकाई में जगह नहीं मिली है, वह मायूस न हो उन्हें जिला और राज्य स्तर पर इकाईयो में स्थान दिया जाएगा।
