धर्मशाला, राहुल -:जिला कांगड़ा पुलिस ने नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक अहम कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12.18 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 14 नशीले कैप्सूल और 42,150 रुपये की नकदी बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 मई 2026 को पुलिस की एक विशेष टीम नियमित गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव तरसूह स्थित एक मकान में अवैध नशीले पदार्थों का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर दबिश दी।तलाशी के दौरान पुलिस ने शेरू राम (42), निवासी गांव तरसूह, डाकघर सकोट, तहसील व जिला कांगड़ा को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से बरामद नशीले पदार्थों और नकदी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।इस संबंध में थाना कांगड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 22 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह इस अवैध नेटवर्क से कब से जुड़ा हुआ था और इसके पीछे अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Chandrika
