राहुल चावला, धर्मशाला-: प्रदेश के तीन प्रमुख विश्वविद्यालयों में हाल ही में की गई फीस वृद्धि के विरोध में बुधवार को धर्मशाला कॉलेज में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि बढ़ी हुई फीस का सीधा असर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर पड़ेगा, जिससे कई विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करना कठिन हो जाएगा। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने छात्र संघ चुनाव बहाल करने और कॉलेजों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की भी मांग उठाई।
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने कक्षाओं का बहिष्कार करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना था कि शिक्षा सभी के लिए सुलभ होनी चाहिए और फीस में एक साथ 25 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी उचित नहीं है। छात्रों ने मांग की कि इस निर्णय की पुनः समीक्षा कर इसे वापस लिया जाए।धर्मशाला कॉलेज एबीवीपी इकाई के अध्यक्ष केशव मसंद ने कहा कि सरकार एक ओर छात्र हितों की बात करती है, जबकि दूसरी ओर फीस बढ़ाकर विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और इन्हें शीघ्र बहाल किया जाना चाहिए। इसके साथ ही कॉलेजों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।छात्र संगठन ने चेतावनी दी कि यदि फीस वृद्धि का निर्णय जल्द वापस नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में प्रदेशभर में आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
