संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव का परिणाम 8 दिसंबर को आना है। अभी चुनावी परिणाम आना बाकी है लेकिन कांग्रेस अपनी जीत को लेकर आश्वस्त है और मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस में इस समय खींचतान चल रही है। एक और जहां कई बड़े नेता मुख्यमंत्री पद की लॉबिंग में लगे हुए हैं,तो वहीं कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह भी मुख्यमंत्री पद के दावेदारों की दौड़ में शामिल हैं, लेकिन प्रतिभा सिंह के मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को कांग्रेस के नेता ही दरकिनार कर रहे है और जीते हुए विधायकों में से कांग्रेस का मुख्यमंत्री होने का दावा पेश कर रहे हैं।
कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सूक्खु ने कहा हैं कि जिस तरह से किसी परीक्षा में बैठने के लिए योग्यता तय की गई है उसी तरह मुख्यमंत्री बनने के लिए भी विधायक होना जरूरी हैं। उन्होंने जीते हुए विधायकों में से ही मुख्यमंत्री बनाने की बात कही है। शिमला में सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है और कांग्रेस विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री कौन होगा इसका फैसला किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2017 में प्रेम कुमार धूमल को मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया गया था लेकिन वह हार गए थे और मुख्यमंत्री नहीं बन पाए, ऐसे में यह देखना भी जरूरी है कि मुख्यमंत्री बनने के लिए पहले विधायक होना जरूरी हैं।
कांग्रेस का कोई भी जीता हुआ प्रत्याशी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हो सकता है। उन्होंने कहा कि 8 दिसंबर को परिणाम आने के बाद कांग्रेस विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार तय करेगी और कांग्रेस आलाकमान फैसला करेगी कि किसे मुख्यमंत्री बनाना है। हिमाचल में कांग्रेस विधायकों के हॉर्स ट्रेडिंग पर कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विराम लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के विधायक बिकने वाले नहीं हैं।
कांग्रेस एकजुट है भाजपा के कई विधायक उनके संपर्क में है, लेकिन कांग्रेस इस तरह की राजनीति नहीं करती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इन दिनों भविष्यवक्ता बने हुए हैं ओर कह रहे हैं कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार जीत नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार किसी को घोषित नहीं किया है। मुख्यमंत्री रिवाज बदलने के हसीन सपने देख रहे हैं लेकिन प्रदेश में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत से सरकार बनने जा रही है।
