संजीव महाजन, नूरपुर: पठानकोट जोगिंदर नगर रेल मार्ग पर नूरपुर रोड से बैजनाथ तक गाड़ियों की संख्या कम होने के चलते यहां ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यही वजह है कि ग्रामीण रेलवे से बार-बार इस रूट पर रेलगाड़ियों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि रेलवे की ओर से दो अतिरिक्त रेलगाड़ियां ट्रैक पर चलाई जाए जिससे यहां के स्थानीय लोगों को सहूलियत मिल सके। इस रेल मार्ग पर 2 नवंबर से दो अतिरिक्त रेलगाड़ियां नूरपुर से बैजनाथ तक दौड़नी शुरू हो गई हैं, लेकिन दोनों रेलगाड़ियों में खचाखच भीड़ होने के कारण हर समय किसी बड़े हादसे का डर बना हुआ है। अकेले नगरोटा सूरियां रेलवे स्टेशन पर रोजाना 1500 से 2000 हज़ार यात्री रेलगाड़ी से सफर कर रहे हैं।
ग्रामीण केवल कृष्ण व अश्विनी गुलेरिया ने कहा कि रेलगाड़ी सुगम व सस्ता सफर वाला साधन होने के कारण लगातार भीड़ बढ़ती जा रही है। इसके मद्देनजर इस रेलमार्ग पर दो ओर अतिरिक्त रेलगाड़ियां चलाने की जरूरत महसूस हो रही हैं। ऐसे में ग्रामीण यह अपील रेलवे से कर रहे हैं कि वह इस रूट पर दो अतिरिक्त रेलगाड़ियां चलाए जिससे उन्हें सहूलियत मिल सके। बता दें कि उत्तर रेलवे फिरोजपुर मंडल में कांगड़ा घाटी (नैरो गेज) रेलवे जो पंजाब के पठानकोट से हिमाचल प्रदेश के जोगिंदर नगर के बीच रेल संपर्क उपलब्ध करवाती है।
इस मानसून सत्र में आकस्मिक बाढ़ एवं पुल संख्या 32 के क्षतिग्रस्त होने के कारण इस रेल लाइन पर रेलगाड़ियों के चलने का दौर लगभग चार माह स्थगित रहा। रेल उपयोगकर्ताओं की सुविधा के लिए इस ट्रैक के नूरपुर रोड और बैजनाथ पपरोला रेलवे स्टेशनों के बीच 2 नवंबर से एक बार फिर से रेल सेवा बहाल कर दी गई हैं। नूरपुर रोड और बैजनाथ पपरोला रेलवे स्टेशनों के बीच दो रेलगाड़ियों को चलाना शुरू कर दिया गया हैं।
रेलगाड़ी संख्या 04699 नूरपुर रोड से सुबह 6 बजे चलकर दोपहर 12 बजे बैजनाथ पपरोला पहुंचती हैं और दूसरी रेलगाड़ी संख्या 04685 नूरपुर रोड से दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर चलकर रात्रि 8:20 बजे बैजनाथ पपरोला पहुंचती हैं। रेलगाड़ी संख्या 04700 बैजनाथ पपरोला से सुबह 6 बजे चलकर दोपहर 12 बजे नूरपुर रोड पहुंचती हैं जबकि दूसरी रेलगाड़ी संख्या 04686 बैजनाथ पपरोला से दोपहर 3 बजे चलकर रात्रि 9:25 बजे नूरपुर रोड पहुंचती हैं।
