प्रदेश में महगांई चरम सीमा पर पहुंच गई है। महगांई से आम जनता का बुरा हाल है। रोजमर्रा की जरूरतों की चीजों के दामों में भी लगातार बढ़ोतरी भाजपा सरकार की ओर से की जा रही है जो सरकार की गलत नीतियों का ही नतीज़ा है। यह बात रविवार को
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं टिकट वितरण कमेटी के सदस्य नादौन के विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू नादौन विधानसभा क्षेत्र के जनसंपर्क अभियान के दौरान कही। ग्राम पंचायत किटपल और ग्राम पंचायत कलूर से कांग्रेस ने चुनाव प्रचार की शुरुआत की गई है।
विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में महंगाई चरम सीमा पर है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस , खाद्यन्न पदार्थ और सभी रोजमर्रा के जरूरत की वस्तुओं के दामों में काफी ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। हर व्यक्ति केंद्र सरकार और राज्य सरकार की गलत नीतियों को कोस रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महंगाई को काबू करने में नाकाम साबित हुई है इस कारण देश की अर्थव्यवस्था भी गड़बड़ा गई है। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश कितने गलत हाथों में है भाजपा के शासन काल में महंगाई इस कदर बढ़ गई है कि हर चीज का दाम तीन गुना या चार गुना हो गया है। गैस सिलेंडर भी रसोई के खर्चे से बाहर हो चुका है। जिन लोगों को मुफ्त में सिलेंडर दिए गए थे उन्होंने भी सिलेंडरों को घरों के बाहर रख दिया है क्योंकि गरीब मजदूर के पास सिलेंडर भरवाने के लिए पैसे नहीं हैं। ऐसे में सरकार की सभी योजनाएं केवल अपने पूंजीपति दोस्तों को लाभ पहुंचाने वाली ही साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि जब भी कोई भी चुनाव आता है तो भाजपा थोड़ी सी कीमत कम करके लोगों में जनता का हितेषी होने का ढोंग करने लग पड़ती है देश में महंगाई के लिए देश और प्रदेश की ही सरकारें जिम्मेवार है। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पृथ्वी चंद, बीसीसी पूर्व चेयरमैन सुनील दत्त, किटपल प्रधान मीरा देवी, पूर्व प्रधान सुभाष, बूथ प्रभारी अशोक,कलूर पंचायत प्रधान राजिंदर कुमार, सतपाल चौधरी, राजेश, नरेश,महिला मंडल प्रधान गायत्री देवी, हरभजन सिंह, प्रवीण, चमन,अनिल, तारो,चंचला देवी, कुलदीप शर्मा, आदि अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
