मंडी,धर्मवीर-:कुल्लू जिला के युवक और युवती वोल्वो बस में सवार होकर चिट्टे की खेप अपने घर की तरफ ले जा रहे थे, लेकिन सुंदरनगर पुलिस ने इन दोनों को नाके के दौरान धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में हनीश ठाकुर निवासी जिला कुल्लू तथा अंशिता नेगी निवासी मनाली, जिला कुल्लू शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को सुंदरनगर पुलिस थाना की टीम ने पुंघ फोरलेन क्षेत्र में नाका लगाया हुआ था। इस दौरान मनाली जा रही एक नीजि वोल्वो बस को चैकिंग के लिए रोका गया तो उसमें सवार युवक और युवती से 143.180 ग्राम चिट्टे की खेप बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार करके एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है। चिट्टे की सप्लाई के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंडी पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चला रही है और ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
