Chamba, Manjur Pathan -:चंबा ज़िला के प्राथमिक विद्यालय तागी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक अध्यापक पर छात्र के साथ शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगा है। आरोप है कि अध्यापक ने बच्चे का कान इतनी ज़ोर से मरोड़ा कि उसमें गंभीर संक्रमण (इंफेक्शन) हो गया।
परिजनों के अनुसार, जब बच्चे के कान में सूजन और दर्द बढ़ने लगा, तो उसे अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर ने जांच में बताया कि ज़बरदस्ती कान मरोड़ने से अंदरूनी चोट लगी है, जिससे संक्रमण फैला। बच्चे ने बताया कि यह पहली बार नहीं था — शिक्षक कई बार ऐसा कर चुका है, लेकिन डर के कारण वह कुछ नहीं कह पाया।पीड़ित बच्चे की मां, जो उसी स्कूल में मिड-डे मील वर्कर हैं, ने बताया कि जब वह अपने बेटे का इलाज करवा रही थीं, तब वही अध्यापक उन्हें बार-बार स्कूल आने का दबाव डाल रहा था और नौकरी से निकालने की धमकी भी दे रहा था।उन्होंने कहा, “एक तो गलती उन्होंने की, ऊपर से धमकियाँ दे रहे हैं। ऐसे शिक्षकों को तुरंत बर्खास्त कर देना चाहिए।”
बच्चे ने बताया कि जिस कान को अध्यापक ने मरोड़ा था, अब उसमें सुनाई देने में दिक्कत है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की पूरी जांच कर दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
बलवीर सिंह, डिप्टी डायरेक्टर (एलीमेंट्री एजुकेशन), चंबा ने बताया —“मैहला ब्लॉक के एक स्कूल में एक शिक्षक द्वारा छात्र के साथ की गई कथित प्रताड़ना का मामला सामने आया है। इस शिकायत के संबंध में एक जांच टीम मौके पर भेज दी गई है। टीम स्कूल में जाकर मामले की विस्तृत जांच करेगी, जिसके बाद प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
