Mandi, 28 October -:अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को वल्लभ महाविद्यालय मंडी में कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने मेस में मिल रहे घटिया खाने, लाइब्रेरी की लाइट व्यवस्था, टॉयलेट की सफाई और गर्ल्स कॉमन रूम की कमी जैसे मुद्दों पर जमकर नारेबाजी की।
एबीवीपी इकाई अध्यक्ष करण ठाकुर और उपाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि कॉलेज में व्याप्त इन अव्यवस्थाओं को लेकर चार से पांच बार प्रबंधन को अवगत करवाया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।छात्र नेताओं का आरोप है कि बॉयज होस्टल की मेस में बेहद निम्न गुणवत्ता का खाना परोसा जा रहा है, जिसके चलते छात्र पिछले दो महीनों से मेस का बहिष्कार कर रहे हैं। मेस संचालक के खिलाफ दुर्व्यवहार की भी शिकायत की गई है। छात्रों ने मेस का टेंडर दोबारा करने की मांग उठाई थी, लेकिन अभी तक इसे पूरा नहीं किया गया है।
छात्रों ने यह भी कहा कि कॉलेज लाइब्रेरी में बिजली की कोई व्यवस्था नहीं है, वहीं टॉयलेट में सफाई और हाथ धोने की सुविधा का अभाव है। गर्ल्स कॉमन रूम न होने से छात्राओं को भी असुविधा झेलनी पड़ रही है।एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो वे कॉलेज को ताला लगाने का आंदोलन शुरू करेंगे।
