विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: मंदिर न्यास चिंतपूर्णी की ओर से गंगोट पंचायत में 30 सोलर लाइट लगाई गई है। मंदिर न्यास चिंतपूर्णी के सौजन्य से गंगोट पंचायत में यह सोलर लाइटें लगाने के लिए पंचायत प्रधान ऐश्वर्या शर्मा ने डीसी का आभार प्रकट किया।
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ चिंतपूर्णी के मंदिर ट्रस्ट के अधीन आने वाली गंगोट पंचायत में मंदिर न्यास के सौजन्य से 30 सोलर लाइट लगाई गई है। यह लाइटें मोइन समनोली बाईपास और मोइन गांव में लगाई गई है। इन सोलर लाइटों के लगने के बादगंगोट पंचायत का यह क्षेत्र दूधिया रोशनी से नहा रहा है।
वहीं स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि एवं मंदिर ट्रस्टी ऐश्वर्या शर्मा ने उपायुक्त ऊना राघव शर्मा का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित मंदिर ट्रस्ट की बैठक में इन स्ट्रीट लाइटों को लगाने के बारे में उपायुक्त को प्रस्ताव सौंपा था जिस पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए जल्द लाइट लगवा दी है। लाइट लगने से बरसात के मौसम में इन रास्तों का प्रयोग करने वाले सभी लोगों को और पंचायत वासियों को इसका लाभ मिलेगा।
