Shimla,Sanju(TSN)-भीमराव अंबेडकर को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच,कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों का करारा जवाब देने की रणनीति तैयार की है।इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी 26 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के चौड़ा मैदान में ‘संविधान बचाओ रैली’ का आयोजन करेगी।
संविधान बचाओ’ रैली, कांग्रेस ने भाजपा को दिया जवाब
रैली की तैयारियों को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में राजीव भवन,शिमला में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू,उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित कई मंत्री, विधायक और बोर्ड निगमों के अध्यक्ष/उपाध्यक्ष मौजूद रहे।इस अभियान की जानकारी देते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा डॉ.भीमराव अंबेडकर की विचारधारा को तोड़-मरोड़ कर जनता को गुमराह कर रही है। इसके विरोध में कांग्रेस ‘संविधान बचाओ’ अभियान शुरू कर रही है,जो केवल एक दिन की रैली तक सीमित नहीं रहेगा। यह अभियान जिला और विधानसभा स्तर से होते हुए अगले एक वर्ष तक गांव-गांव तक पहुंचेगा।कांग्रेस का यह अभियान संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय के मूल्यों को लेकर जन-जागरूकता फैलाने पर केंद्रित रहेगा।
